Thursday, August 6, 2026

बारिश में भीगता रहा धान, चलती रही दारू पार्टी:धान खरीदी केंद्र के अंदर जाम छलकाते रहे अधिकारी और कर्मचारी,कैमरा देखे तो भागने लगे

दुर्ग जिले के ननकट्ठी धान खरीदी केंद्र में एक तरफ हजारों क्विंटल धान भीगता रहा वहीं दूसरी तरफ कार्यालय प्रबंधक शराब पार्टी मनाते रहे। शराब के नशे में मिले प्रबंधक ने कहा कि केंद्र में एक भी धान नहीं भीगा है। सारी व्यवस्था की गई है। जबकि बाहर का नजारा ठीक इसके उलट था। वहां न सिर्फ सैकड़ों बोरी धान भीगा मिला, बल्कि वहां जल भराव भी हो गया था।

दुर्ग का ननकट्ठी धान खरीदी केंद्र काफी बड़ा है। यहां अब तक 42 हजार क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है। जबकि 5 हजार क्विंटल धान की खरीदी करना अभी बाकी है। बुधवार दोपहर जब इस धान खरीदी केंद्र का मुआयना किया गया तो चौंकाने वाली हकीकत देखने को मिली। धान खरीदी केंद्र में रखा पूरा धान खुले में होने से बारिश से भीग रहा था। इसमें तिरपाल भी ठीक से नहीं ढकी गई थी।

जब केंद्र प्रबंधक से मिलने अंदर जाया गया तो वहां प्रबंधक अविनाश बंछोर अपने साथियों के साथ शराब पार्टी कर रहे थे। वो काफी नशे में थे। जब उनसे धान भीगने का कारण पूछा गया तो उन्होंने दावा किया की एक भी धान नहीं भीगा। पानी बंद हो गया है और धान की बोरियों को सिलने का काम किया जा रहा है। हालांकि मीडिया को देखकर उनके साथ पार्टी कर रहे बाकी लोग वहां से चले गए।