जगदलपुर. छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री और भाजपा के प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने धर्मांतरण के मामले पर एक बार फिर से छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि, सरकार के संरक्षण में मिशनरी मिशन मोड़ पर काम कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ को ईसाई राज्य बनाना चाहते हैं। धर्मांतरण की आग में बस्तर जल रहा है। सरकार के आंकड़ों में सैकड़ों लोग धर्मांतरण किए हुए होंगे। लेकिन मैदान में उतरकर आंकड़ों को खंगाला जाए तो लाखों लोगों का धर्मांतरण हो चुका है। इधर आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने कहा है कि, पिछले 4 साल में एक भी आदिवासी ईसाई नहीं बना है।
दरअसल, केदार कश्यप ने रविवार को जगदलपुर के भाजपा कार्यालय में पीसी के दौरान कहा कि, बस्तर में तेजी से धर्मांतरण हो रहा है। कमिश्नर और SP ने पत्र लिखकर यहां के हालात से सरकार को अवगत कराया है। भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर इस मामले को प्रकाश में लाने की कोशिश की थी। लेकिन, सरकार लगातार कह रही है कि कोई धर्मांतरण नहीं हो रहा है। स्थित नियंत्रण में है। जबकि, आबादी के 10 प्रतिशत लोगों का धर्मांतरण हो चुका है ।उन्होंने कहा कि, मिशनरी हमारे आदिवासी समाज को घर से निकाल कर मार रहे हैं। उनका जबरदस्ती धर्मांतरण करवा रहे हैं। 1 जनवरी को नारायणपुर जिले के गोर्रा गांव में मिशनरियों ने आदिवासी समाज के लोगों को पीटा। थानेदार को भी मारा। इस संबंध में 14 पास्टर्स के खिलाफ नामजद FIR भी दर्ज की गई। लेकिन, सरकार के दबाव में उनपर कार्रवाई नहीं की जा रही थी। इसी के विरोध में 2 जनवरी को नारायणपुर में आदिवासी समाज के लोगों ने रैली का आयोजन किया था।











