रायपुर. प्रदेश में धान खरीदी के मामले में कांग्रेस अपनी पीठ थपथपा रही है। इस मामले में अब भाजपा की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा है- धान खरीदी का सारा पैसा केंद्र का और मुफ्त का चंदन घिस रही है कांग्रेस। कांग्रेस का धान खरीदी में क्रेडिट लेना ऐसा है, जैसा बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना। धान खरीदी की 90 प्रतिशत राशि केंद्र की मोदी सरकार दे रही है तो राज्य की कांग्रेस सरकार किस बात का क्रेडिट ले रही है।
अरुण साव ने ये भी कहा कि धान खरीदी का जश्न मनाने का अवसर देने के लिए कांग्रेस मोदी सरकार को धन्यवाद दें। क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किसान हितैषी नीति के कारण छत्तीसगढ़ के किसानों की धान का सारा चावल केंद्र सरकार खरीद रही है और पूरे खर्च का भुगतान कर रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस धान खरीदी का जितना चाहे, जश्न मनाए लेकिन केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करने की नैतिक जिम्मेदारी को दरकिनार कर वह श्रेय की राजनीति कर रही है तो हर किसान को मालूम है कि भूपेश बघेल मुफ्त का चंदन घिस रहे हैं और केंद्र सरकार ही किसानों को उनका हक दे रही है।
22 हजार करोड़ केंद्र के
भाजपा की ओर से कहा गया है – राज्य सरकार धान की खरीदी एक एजेंसी के रूप में कर रही है। 92 लाख मीट्रिक टन धान से बना हुआ चावल केंद्र सरकार खरीदेगी जिसमें समर्थन मूल्य, ट्रांसपोर्टेशन, बारदाना, कमीशन सूखत यह सब मिलाकर लगभग 22 हजार करोड़ रुपए का भुगतान केंद्र सरकार करेगी जबकि कुछ करोड़ रुपए का भुगतान राज्य सरकार करेगी। ऐसे में राज्य की कांग्रेस सरकार को जनता को यह बताना चाहिए कि धान खरीदी में लगने वाली राशि का 90 फ़ीसदी हिस्सा केंद्र दे रहा है।











