Tuesday, August 4, 2026

‘विधायक पत्नी पीटती है’:पति अमितावो घोष ने कहा- ‘अंबिका सिंहदेव की 100 फीसदी बात झूठ, राजनीतिक रोटियां सेंकने में बिजी’

कोरिया जिले की बैकुंठपुर विधायक और संसदीय सचिव अंबिका सिंहदेव ने पति अमितावो कुमार घोष ने एक बार फिर अपने फेसबुक पोस्ट से खलबली मचा दी है। उन्होंने पत्नी पर निशाना साधते हुए लंदन से पोस्ट किया कि अंबिका सिंहदेव ने जो भी बातें कहीं हैं, वो थोड़ी नहीं बल्कि 100 प्रतिशत झूठ है।

अमितावो ने पत्नी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें अंबिका सिंहदेव ने कहा था कि पूर्व मंत्री के अमर्यादित टिप्पणी से मेरे पति बहुत दुखी हैं, इसलिए उन्होंने उनसे राजनीति छोड़ने की अपील की है, लेकिन वे विपक्षी नेता के जैसी गंदी राजनीति करने वालों से नहीं डरेंगी। अमितावो ने पत्नी के दावों को खारिज करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रथम वित्तमंत्री रामचंद्र सिंहदेव नहीं चाहते थे कि उनके परिवार से कोई भी राजनीति में आए। बच्चों की ओर से उन्होंने लिखा कि ‘हमारी मां राजनीतिक रोटियां सेंकने में बिजी हैं, वो भी हजारों मील दूर’।

अमितावो घोष ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी विधायक पत्नी अंबिका सिंहदेव उनसे मारपीट करती हैं। आखिरी बार रायपुर में 4 जनवरी 2023 को भी उसने पिटाई की थी, मेरे पास इसके सबूत भी हैं। उन्होंने कहा कि मेरा सिर्फ एक ही कसूर है कि मैं 4 सालों से बस एक ही सवाल आपसे करता आ रहा हूं।

संसदीय सचिव के पति ने ‘मुझे भी कुछ कहना है’ पार्ट-3 जारी करते हुए कई आरोप लगाए। उन्होंने लिखा कि ”मैं चुप रहा तो गलतफहमी और बढ़ेगी। वो-वो भी सुना, जो हमने कहा ही नहीं।बशीर बद्र साहब की दो लाइन का जिक्र मैंने कल किया था, कुछ ही घंटों में वो सच निकला।”