
सपा सांसद जया बच्चन राज्यसभा में अपने बर्ताव को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रही हैं। उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें जया राज्यसभा में सभापति जगदीप धनखड़ को उंगली दिखाती दिखाई दे रही हैं। सोशल मीडिया यूजर्स उनके बर्ताव को असंसदीय बताते हुए कमेंट्स कर रहे हैं।
यह मामला बजट सत्र के दौरान 9 फरवरी का है। सदन में हंगामा करने और कार्यवाही की रिकॉर्डिंग करने के आरोप में कांग्रेस सांसद रजनी पटेल को मौजूदा सत्र के शेष दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया गया था। इसी मामले को लेकर समाजवादी पार्टी की सांसद सांसद जया बच्चन ने विरोध जताया और रजनी का समर्थन किया। जया का कहना था कि रजनी को बोलने का मौका नहीं दिया गया। इसी दौरान हंगामे के बीच जया ने वेल से गुजरते हुए आसंदी (चेयर) को उंगली दिखाई। वे काफी गुस्से में दिखाई दे रही थीं।

BJP नेताओं ने की आलोचना
वीडियो को लेकर भाजपा ने भी जया को निशाने पर लिया है। ट्विटर यूजर्स के साथ BJP के नेता भी जया बच्चन की जमकर आलोचना कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ की बिलासपुर लोकसभा सीट से BJP सांसद और पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अरुण साव ने लिखा है कि जया बच्चन जी रंगमंच और लोकतंत्र के सर्वोच्च मंच का अंतर रखिए। युवा पीढ़ी आपका अनुसरण करती है।
BJP दिल्ली के प्रवक्ता अयज सहरावत ने लिखा है कि ‘राज्यसभा सांसद जया बच्चन का व्यवहार शर्मनाक है’। राजस्थान बीजेपी के नेता लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने लिखा ‘अहंकार में चूर जया बच्चन राज्यसभा में उप-राष्ट्रपति को उंगली दिखा रही हैं। लोकतंत्र के मंदिर में ऐसे लोग कैसे आ जाते हैं।











