Tuesday, August 4, 2026

सिसोदिया की CBI कोर्ट में पेशी थोड़ी देर में:दिल्ली समेत देश के कई शहरों में AAP का प्रदर्शन, कार्यकर्ता-नेता हिरासत में लिए गए

दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को थोड़ी देर में CBI कोर्ट में पेश किया जाएगा। स्पेशल CBI जज एमके नागपाल से जांच एजेंसी सिसोदिया की कस्टडी की डिमांड करेगी।

CBI ने रविवार को 8 घंटे की पूछताछ के बाद सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया था। जांच एजेंसी ने कहा था कि सिसोदिया सवालों के जवाब सही तरह से नहीं दे रहे हैं।

सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) दिल्ली समेत देश के कई शहरों में प्रदर्शन कर रही है। नेताओं-कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। AAP ने कहा कि हम दिल्ली में भाजपा दफ्तर का घेराव करेंगे।

जुलाई 2022 में दिल्ली के उप-राज्यपाल वीके सक्सेना ने मनीष सिसोदिया के खिलाफ CBI जांच की मांग की। सक्सेना ने सिसोदिया पर नियमों को नजरअंदाज कर भ्रष्टाचार करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद ED और CBI ने सिसोदिया के खिलाफ जांच शुरू की। इस मामले में भाजपा ने नए टेंडर के बाद गलत तरीके से शराब ठेकेदारों के 144 करोड़ माफ करने के आरोप लगाए हैं।

केस से जुड़े अपडेट्स…

  • दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सुरक्षा बलों से उनकी झड़प भी हुई। महिला कार्यकर्ताओं और महिला पुलिसबल के बीच हाथापाई भी हुई।
  • आम आदमी पार्टी पूरे देश में प्रदर्शन कर रही है। पंजाब, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कई जगहों पर कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए हैं।
  • दिल्ली में रविवार को हिरासत में लिए गए 26 AAP नेताओं को सोमवार को छोड़ दिया गया। पार्टी दफ्तर पर भारी पुलिसबल तैनात कर दिया गया है। CBI दफ्तर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
  • तेलंगाना के हैदराबाद में सोमवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कई कार्यकर्ताओं को हिरासतम में लिया गया है।