Saturday, August 22, 2026

KORBA: नशे में लड़खड़ाते हुए अस्पताल पहुंचे डॉक्टर साहब, लोगों ने दिया सहारा

कोरबा: आमतौर पर डॉक्टर को धरती का भगवान कहा जाता है, लेकिन कुछ डॉक्टरों की हरकत से यह पेशा भी बदनाम हो रहा है. महिला मरीज को थप्पड़ जड़ने के बाद अब कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एक डॉक्टर फिर चर्चा में हैं. इस बार वो नशे में धुत होकर लड़खड़ाते हुए एक अस्पताल पहुंचे. इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. डॉक्टर पर आरोप है कि नशे में उन्होंने झुलसी महिला के परिजनों से अभद्रता भी की कर दी. मामले में डीन ने मुख्यालय को पत्राचार करते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं.

दरअसल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉ. बुद्धेश्वर सिंह कंवर पदस्थ हैं. उन पर आरोप है कि वह आए दिन नशे की हालत में अस्पताल पहुंचते हैं. बीते दिनों उन्होंने बेहोशी की हालत में पहुंची महिला मरीज को थप्पड़ जड़ दिया था. मामले में अस्पताल प्रबंधन ने कार्रवाई भी की थी. इसके बावजूद उनके व्यवहार में सुधार नहीं आ रहा. वह शनिवार रात करीब 10.30 बजे शराब के नशे में लड़खड़ाते हुए सीधे अस्पताल जा पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने बर्न वार्ड में दाखिल मरीज से उल जलूल सवाल शुरू कर दिए. इतना ही नहीं उन्होंने परिजनों से भी अभद्रता कर दी.