फर्रुखाबाद. आतंकी ओसामा बिन लादेन को अपना गुरु बताने वाले बिजली विभाग के एसडीओ रविन्द्र प्रकाश गौतम को बर्खास्त कर दिया गया है. बता दें कि जून 2022 में नवाबगंज के उपकेंद्र में एसडीओ के पद पर वह तैनात था. उसने ओसामा बिन लादेन को विश्व का सर्वश्रेष्ठ इंजीनियर बताया था और विद्युत उपकेंद्र में ओसामा बिन लादेन की फोटो लगाई थी.
यूपी पावर कॉरपोरेशन के चेयरमैन ने उपखंड अधिकारी (एसडीओ) रविन्द्र प्रकाश गौतम को बर्खास्त किया है. यह कार्रवाई 10 महीने की जांच के बाद की गई है. दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी) और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अमित किशोर ने बताया कि उनकी संस्तुति पर उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के चेयरमैन एम देवराज ने विभागीय एसडीओ रविंद्र प्रकाश गौतम की सेवा समाप्त कर दी है. उन्होंने बताया कि जांच में पाया गया कि एसडीओ आतंकी ओसामा बिन लादेन की तस्वीर लगाकर उसे अपना आदर्श बताता था.विभागीय सूत्रों ने बताया कि वर्ष 2022 के जून महीने में फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज उपखंड-द्वितीय में तैनात एसडीओ रविंद्र प्रकाश गौतम ने अपने कार्यालय में आतंकी ओसामा बिन लादेन की तस्वीर लगायी थी. यह खबर चर्चा में आने के बाद एसडीओ को निलंबित करते हुए मामले की जांच दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम ने शुरू की थी. निगम के एमडी अमित किशोर ने जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसडीओ गौतम की सेवा समाप्त करने की संस्तुति यूपीपीसीएल के चेयरमैन से की जिसके बाद सोमवार को रविंद्र प्रकाश गौतम को बर्खास्त कर दिया गया.











