रायपुर. ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन का प्रमुख व खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह (Amritpal Singh) के समर्थन में सिख समाज ने आज रायपुर में रैली निकाली. तेलीबांधा गुरुद्वारे से निकली रैली में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल थे. प्रदर्शनकारियों ने अमृतपाल सिंह जिंदाबाद के नारे लगाते हुए आम आदमी पार्टी (आप) कार्यालय के सामने पहुंचकर पंजाब सरकार का पुतला फूंका.अमृतपाल सिंह के समर्थन में उतरे लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा, अमृतपाल पंजाब में नशे के खिलाफ काम कर रहा था. लेकिन ड्रग्स माफिया को सरंक्षण देने के लिए उसे फंसाया जा रहा है. इतना ही नहीं उन्होंने अमृतलाल को आतंकी घोषित करने कोशिश की जा रही है. वहीं आतंकवाद से जुड़े तमाम आरोपों पर समर्थकों ने सवाल भी किया है. उन्होंने कहा कि इतने सालों से इंटेलिजेंट क्या कर रही थी.पंजाब (Punjab) के मौजूदा हालात पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) ने भी पंजाब के मौजूदा हालात पर बयान दिया है. सीएम भूपेश बघेल ने कहा है कि जब से नई सरकार बनी है, तब से वहा की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. जिस प्रकार से घटनाएं घटी वो दुर्भाग्यजनका है. पंजाब सीमावर्ती राज्य है, इसलिए इस तरह घटनाओं को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता.बता दें कि खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. पंजाब पुलिस उसे पकड़ने की कोशिश में लगी हुई है. पुलिस को शक है कि अमृतपाल अपना हुलिया बदलकर भागा होगा. इसी वजह से पुलिस ने अमृतपाल की अलग-अलग वेशभूषा की तस्वीरें जारी की है. इसके साथ ही लोगों से अपील की है कि किसी को भी उसकी कोई जानकारी मिले तो तुरंत सूचित करे.











