बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र में एक सिरफिरे युवक ने 2 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। दोनों युवक बाजार से सामान खरीदकर अपने गांव वापस लौट रहे थे, तभी देवकर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डेहरी मार्ग पर आरोपी ने गालीगलौज करने के बाद दोनों के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को फिलहाल गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, बचेड़ी का रहने वाला सुरेश ध्रुव (40 वर्ष) और विनोद यादव (37 वर्ष) शुक्रवार देर रात देवकर के बाजार से सामान खरीदकर अपने गांव वापस लौट रहे थे। रास्ते में बद्री यादव (30 वर्ष) ने दोनों को रोका। इसके बाद उनके साथ गालीगलौज और विवाद करने लगा। सुरेश और विनोद के साथ आरोपी बद्री की तू-तू मैं-मैं होने लगी। जिसके बाद सिरफिरे युवक बद्री ने अपने पास रखे डंडे से दोनों युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। उन्हें जमकर पीट दिया।

घायल हालत में ले गए अस्पताल
आरोपी ने सुरेश और विनोद के सिर पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिसके कारण दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान होकर घटनास्थल पर ही गिर गए। आसपास के लोगों ने सिरफिरे युवक से दोनों युवकों को छुड़ाया और आरोपी को पकड़ लिया। लोगों ने साजा थाना पुलिस को तत्काल सूचना दी और आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को देवकर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।











