
पश्चिम बंगाल .पश्चिम बंगाल के कोलकाता में दो लड़कियों ने राष्ट्रगान का मजाक उड़ाया। इसका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दोनों लड़कियां हाथ में सिगरेट लेकर राष्ट्रगान गा रही हैं और मजाक बना रही हैं। घटना सामने आने के बाद रविवार को कोलकाता पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
इसे लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट के वकील समेत कई लोगों ने लड़कियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद बैरकपुर साइबर सेल में दोनों लड़कियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई।बैरकपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़कियों के बयान दर्ज किए हैं। दोनों नाबालिग हैं। जांच एजेंसी डेटा की मांग के लिए फेसबुक से संपर्क में है। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बवाल मच गया था, जिसके चलते लड़कियों ने वीडियो डिलीट कर दिया था।
किसी भी राष्ट्रीय प्रतीक का अपमान करना प्रतिबंधित है। इसके तहत उल्लंघन करने वालों को कारावास, जुर्माना या दोनों का सामना करना पड़ सकता है। जैसा कि राष्ट्रीय सम्मान अधिनियम, 1971 की धारा 3 में बताया गया है। यदि कोई भी जानबूझकर राष्ट्रगान के गायन को रोकता है या राष्ट्रगान के समय किसी भी तरह की गड़बड़ी या अपमान करता है, उसे कारावास से दंडित किया जाएगा, जिसकी अवधि तीन साल तक हो सकती है।











