बिलासपुर में एक ब्यूटीशियन की लाश बंद कमरे में फंदे से लटकती मिली है। वो यहां पर अपने बॉयफ्रेंड के साथ लिव इन में रह रही थी। उसके परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी को मारकर फांसी पर लटकाया गया है। पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
मूलत: कोरबा के रजगामार की रहने वाली बबली उर्फ प्रियंका नायक (22) ने बारहवीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने ब्यूटीशियन की ट्रेनिंग की थी। उसके पिता शरद नायक SECL में काम करते हैं।
युवती बिलासपुर में मंगला के गंगानगर में सविता दुबे के मकान में किराए पर रहती थी। वह 36 मॉल के पार्लर में ब्यूटीशियन का काम करती थी। उसके साथ मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के टिकारी का रहने वाला युवक भी काम करता था और दोनों एक ही मकान में रहते थे। सूरज ने मकान मालकिन को बताया था कि वो यहां पर अपनी पत्नी के साथ रहेगा, इसी वजह से उन्हें कमरा भी दिया गया था।











