आज रात दिखाई देगा सुपरमून:चांद आकार में 14% बड़ा और 30% ज्यादा चमकीला नजर आएगा

नई दिल्ली.दुनियाभर में एक अगस्त को सुपरमून दिखाई देगा। इस दौरान चंद्रमा का आकार सामान्य से 14% बड़ा दिखाई देगा। चांद 30% ज्यादा चमकीला नजर आएगा। भारत में मंगलवार रात 12:02 बजे चांद सबसे बड़ा दिखाई देगा।

सुपरमून तब होता है, जब पृथ्वी और चंद्रमा के बीच की दूरी सबसे कम हो जाती है। इस वजह से चांद ज्यादा बड़ा और चमकीला दिखाई देता है। इस सुपरमून को देखने पर ऐसा लगेगा जैसे यह पृथ्वी के करीब आ रहा है।

एक अगस्त को चांद पृथ्वी से 3,57,264 किलोमीटर दूर होगा। जबकि आमतौर पर यह सबसे दूर 4,05,000 किलोमीटर और सबसे करीब 3,63,104 किलोमीटर दूर होता है।

इसी महीने 30 अगस्त की रात को भी सुपरमून होगा जिसे ब्लूमून कहा जाएगा। चांद को ब्लू मून तब कहते हैं जब एक ही महीने में 2 सुपरमून नजर आते हैं। आखिरी बार 2 सुपरमून एक साथ अगस्त के महीने में साल 2018 में नजर आए थे और अगली बार ऐसा साल 2027 में होगा।

यह होता है सुपरमून

सुपरमून एक ऐसी खगोलीय घटना है, जिसमें चांद अपने सामान्य आकार से ज्यादा बड़ा दिखाई देता है। सुपरमून हर साल तीन से चार बार देखा जाता है।

सुपरमून दिखने की वजह भी काफी दिलचस्प है। दरअसल, इस दौरान चांद धरती का चक्कर लगाते-लगाते उसकी कक्षा के बेहद करीब आ जाता है। इस स्थिति को पेरिजी (Perigee) कहा जाता है। वहीं, चांद के धरती से दूर जाने पर उसे अपोजी (Apogee) कहते हैं। एस्ट्रोलॉजर रिचर्ड नोल ने पहली बार 1979 में सुपरमून शब्द का इस्तेमाल किया था।