Saturday, September 19, 2026

छत्तीसगढ़ में आज बारिश के आसार:सरगुजा और बिलासपुर संभाग में बरसेंगी राहत की फुहारें, आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना

सरगुजा और बिलासपुर संभाग के कई जिलों में आज बारिश के आसार हैं। प्रदेश में बीते कुछ दिनों से बारिश पर ब्रेक लग गया था। मगर आने वाले दिनों में मानसून की एक्टिविटी बढ़ेगी। जिसके बाद रायपुर संभाग के बलौदाबाजार और महासमुंद जिले में भी बारिश हो सकती है।

बारिश का मुख्य क्षेत्र सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में बना रहेगा। मौसम विभाग ने 1-2 स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी है। वहीं कुछ जगहों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है।

बस्तर में भी हलचल बढ़ने की संभावना

मौसम विशेषज्ञ HP चंद्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका के पूर्वी छोर बंगाल की खाड़ी की तरफ जाने की संभावना है, इसलिए मानसून की एक्टिविटी थोड़ी बढ़ सकती है। पहले सरगुजा संभाग और फिर धीरे-धीरे बस्तर संभाग की ओर मानसूनी हलचल बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में 1 जून से 12 अगस्त तक 629.2 मिलीमीटर औसत बारिश हुई है।