Thursday, July 30, 2026

VIDEO: मंत्री के जूते गंदे न हों…इसलिए फॉर्च्यूनर-प्लेटफॉर्म पर चढ़ा दी

लखनऊ.योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह के जूतों में कीचड़ न लग जाए। कपड़े भीग न जाएं। इसलिए, उन्होंने अपने सारथी यानी ड्राइवर को प्लेटफॉर्म पर ही अपनी फॉर्च्यूनर चढ़ाने का हुक्म दे दिया। बुधवार को उनकी गाड़ी हॉर्न बजाते हुए लखनऊ में चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म में दाखिल हो गई।

प्लेटफॉर्म पर गाड़ी देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मंत्रीजी की गाड़ी देखकर यात्री बेचारे अपना सामान लेकर इधर-उधर दौड़ने लग गए। खैर, मंत्री तो ठहरे मंत्री। रुतबा ऐसा कि जिन पुलिसवालों को उनकी गाड़ी को प्लेटफॉर्म पर चढ़ने से रोकना था। वह भी सलामी ठोंकने में व्यस्त हो गए। थोड़ी देर में प्लेटफॉर्म पर ट्रेन आई और मंत्रीजी सवार होकर चले गए। न तो उनके कीमती जूते खराब हुए और न ही कपड़े।

यह फोटो लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन की है। यहां दिव्यांगों के लिए बने रैंप से होते हुए मंत्री की गाड़ी प्लेटफॉर्म तक पहुंच गई। - Dainik Bhaskar