रायपुर.छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव में संविदा और अनियमित कर्मचारियों की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। प्रदेश में चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने पहुंचे मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस से चर्चा करते हुए बताया कि सरकारी कर्मचारियों की ही चुनाव में ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके अलावा 80 साल से ऊपर और दिव्यांग मतदाता डाक मत पत्र से वोट कर सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि इसके लिए 80 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को इलेक्शन नोटिफिकेशन के 5 दिनों के अंदर आवेदन करना होगा। साथ ही 40 प्रतिशत से ज्यादा दिव्यांगता होने पर ही मतदान कराने के लिए टीम उनके घर पहुंचेगी। हालांकि उन्होंने कहा यह भी कहा कि बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता वोटिंग के लिए मतदान केन्द्र जाना ही ज्यादा पसंद करते हैं। बीते दिनों जिन राज्यों में इलेक्शन हुए वहां बुजुर्ग और दिव्यांगों का अच्छा रिस्पॉन्स रहा।











