रायपुर. राजधानी में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. नशे के 3 सौदागरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कफ सीरप जब्त किया है. वहीं एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि ईरफान खान उर्फ बब्लू, अब्दुल फहीम और मोहम्मद रिजवान को रंगे हाथ गिरफ्तार कर उनके पास से नशीला प्रतिबंधित सीरप कोडिन की करीब 1600 शीशी जब्त की गई है. सायबर सेल की नारकोटिक्स विंग को लगातार इस बात की सूचना मिल रही थी कि टिकरापारा समेत शहर के कई इलाकों में नशीली कफ सीरप चोरी छिपे सप्लाई की जा रही है. खबर पुख्ता करने के बाद पुलिस की टीम ने चौरसिया कालोनी रिज मेडिकल गली पास स्थित एक मकान पर छापा मारा तो वहां बड़ी संख्या में नशीली सीरप की एक खेप के साथ तीनों तस्कर भी मिले.तीनों आरोपियो को थाने लाकर पूछताछ की गई तो बताया कि ये प्रतिबंधित नशीला सीरप बिहार से लाते थे और रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलो में चोरी छिपे सप्लाई कर रहे थे. पुलिस तीनों नशे के सौदागरों से पूछताछ में जुटी है और जब्त नशीली सीरप की कीमत करीब 3 लाख रुपए बताया जा रहा है. फिलहाल टिकरापारा पुलिस ने तीनों नशे के सौदागरों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट की धाराओ में मामला दर्जकर जेल भेज दिया है.











