Thursday, March 12, 2026

कोरोना अलर्ट, बेखौफ लोग बाजारों की भीड़ को प्रशासन की छूट

knn24news/ जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय सहित सभी नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में भीड़ उमड़ी रही है। बाजार गुलजार होने के कारण किराना से लेकर सब्जी व अन्य सामानों की खरीदारी के लिए देर रात तक दुकानों में फिजिकल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते हुए दुकानों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही है। सुबह से लेकर देर शाम तक दुकानों में ग्राहकों की भीड़ लग रही है। जबकि जिले में रोजाना सवा सौ से अधिक कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। जिला मुख्यालय जांजगीर के साप्ताहिक बुधवारी बाजार में हजारों लोगों की भीड़ लगी रही। इसके बाद भी प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। संक्रमण को रोकने के लिए नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाली साप्ताहिक बाजारों को बंद कराने की आवश्यकता है। जिले में एक बार फिर से कोरोना संक्रमण बढऩे लगा है। रोजाना बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान कर कोविड केयर सेंटर व होम आइसोलेट कर उनका उपचार किया जा रहा है। किराना से लेकर सब्जी व अन्य सामानों की खरीदारी के लिए दुकानों में भीड़ उमड़ पड़ी। यहां लोग बेखौफ फिजिकल डिस्टेंसिंग की धज्ज्यिां उड़ाते हुए बाजारों में भीड़ उमड़ी रही। जिसके चलते संक्रमण का खतरा भी बढऩे लगा है। यहां दुकान संचालकों द्वारा न तो सेनेटाइजर का उपयोग किया जा रहा है और न ही फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया। विभागीय उदासीनता व लोगों में जागरूकता के अभाव में संक्रमण फैलने का खतरा भी बढऩे लगा है। लोग अब कोरोना के प्रति बेखौफ हो गए हैं। अप्रैल के पहले सप्ताह में ही 5 सौ से अधिक पॉजीटिव मिलने के बाद भी लोग सावधानी नहीं बरत रहे हैं। यहां तक मास्क, सैनिटाइजर की बिक्री पहले की अपेक्षा 80 फीसदी कम हो गई है। जन्मदिन, सगाई व अन्य समारोह में जहा अनुमति से अधिक लोग शामिल हो रहे हैं। वहीं अंतिम संस्कार में भी पहुंचने वालों की संख्या पर नियंत्रण रखने वाला कोई नहीं है। हद तो तब हो जाती है, जब लोग बाजारों में बिना मास्क के भीड़ में शामिल होकर खरीददारी करते हैं। इस संबंध में सिविल सर्जन डा. एके जगत का कहना है कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। इसलिए फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करें। नियमित रूप से सेनेटाइजर या हैण्डवाश से हाथ धोते रहें। घर से बाहर निकलने पर मास्क का प्रयोग करें तथा किसी भी प्रकार की सर्दी, खासी या बुखार होने पर टेस्ट अवश्य कराएं। प्रशासन द्वारा व्यापारियों के लिए नियम बनाया गया है कि दुकान में उन्हें सैनिटाइजर के साथ ही मास्क पहनकर आने वाले ग्राहकों को ही सामग्री देना है मगर न तो दुकानदार इन नियमों का पालन कर रहें हैं और न ही नागरिक जागरूक हो रहे हैं। व्यापारी दुकान तो रोजाना खोल रहे हैं मगर वे नियम शर्तों का पालन नहीं कर रहे हैं। वहीं ग्राहक भी लापरवाही बरत रहे हैं। जिले में लगातार दुकान संचालकों की मनमानी व प्रशासन की उदासीनता के चलते बाजारों में फिजिकल डिस्टेसिंग की धज्जियां उड़ाते हुए भीड़ उमड़ रही है। नगर पालिका जांजगीर नैला द्वारा मुख्यमार्गों में मुनादी कराते हुए दुकानों के सामने गोल घेरा बनाए जाने का निर्देश पूर्व में दिया गया था, मगर अधिकांश दुकान संचालकों द्वारा घेरा बनाकर औपचारिकता निभा दी गई, जबकि सामानों के लिए कांउटर पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही।
अब तो दुकानों से गोल घेरे भी मिट गए।
साप्ताहिक बाजारों को बंद कराने के लिए शासन से कोई आदेश नहीं आया है। नगरीय निकाय वालों से चर्चा कर अगले सप्ताह से बाजार को बंद कराएंगे या फिर पहले की तरह व्यवस्थित कराएंगे।
मेनका प्रधान, एसडीएम जांजगीर