Wednesday, March 18, 2026

शराब नीति मामले में केजरीवाल से ED की पूछताछ जारी:टीम दो घंटे से घर में मौजूद; जांच एजेंसी गिरफ्तार कर सकती है

नई दिल्ली.दिल्ली शराब नीति केस में ED मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कभी भी गिरफ्तार कर सकती है। गुरुवार दोपहर को हाईकोर्ट में गिरफ्तारी से राहत नहीं मिलने के बाद जांच एजेंसी की टीम शाम 7 बजे उनके घर 10वां समन देने के लिए पहुंची। इस दौरान आवास की तलाशी भी ली गई। पिछले 2 घंटे से उनसे पूछताछ की जा रही है।

केजरीवाल घर पर मौजूद हैं। उनके फोन जब्त कर लिए गए हैं। इस बीच आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि उन्हें गिरफ्तार करने की तैयारी है। सूत्रों की मानें तो ED की पूछताछ में के. कविता ने केजरीवाल का नाम लिया है। इसके बाद यह कार्रवाई की गई।

इस दौरान सीएम आवास के आसपास काफी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। धारा 144 लागू कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ RAF भी मौजूद है।

केजरीवाल की टीम सुप्रीम कोर्ट पहुंची
इस बीच केजरीवाल की लीगल टीम सुप्रीम कोर्ट पहुंची है। टीम ने सुनवाई के लिए अर्जेंट लिस्टिंग करने की मांग की है। इससे पहले दोपहर 2.30 बजे दिल्ली हाईकोर्ट ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली शराब नीति केस में गिरफ्तारी से राहत देने से इनकार कर दिया था।

ED ने केजरीवाल को 17 मार्च को 9वां समन भेजा था। हालांकि, वे एक बार भी पूछताछ के लिए नहीं गए। केजरीवाल 19 मार्च को समन के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे थे। उनकी याचिका पर 20 मार्च को सुनवाई हुई थी। कोर्ट ने बार-बार समन भेजने को लेकर ED को तलब किया।