Thursday, September 24, 2026

ACB ने रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथों पकड़ा:फौती नामांतरण के लिए मांगा था पांच हजार रुपये, स्टेट बैंक परिसर में बुलाकर ली रकम

पटवारी को पकड़कर ले जाती एसीबी की टीमसूरजपुर.एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने सूरजपुर में तीन हजार रुपये रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पटवारी ने एक ग्रामीण से फौती नामांतरण के लिए 10 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो के अंबिकापुर कार्यालय में की गई थी। रिश्वत लेते पकड़ा गया पटवारी रामगोपाल साहू रामानुनगर तहसील के पटवारी हलका नंबर 17 में पदस्थ है व हल्का नंबर 02 का प्रभारी है।

जानकारी के मुताबिक, तहसीलद रामानुजनगर के अंतर्गत गोविंदपुर निवासी सुनील कुमार सिंह (39) ने एंटी करप्शन ब्यूरो अंबिकापुर कार्यालय में लिखित आवेदन दिया कि उसकी पैतृक भूमि खसरा नंबर 1912, 2350, 2392 2445, 2465. 2469 कुल रकबा 0.810 हेक्टेयर है। उक्त भूमि उसके पिता स्व. दशरथ व माता स्व. देवचरनी के नाम से दर्ज है। उनका देहांत वर्ष 2022 व 2017 में हो चुका है।

सुनील कुमार सिंह ने हल्का पटवारी नंबर-02 रामगोपाल साहू से पैतृक भूमि में फौती चढ़ाकर अपना नाम राजस्व रिकार्ड में दुरूस्त कराने गया तो पटवारी ने उसका नाम रिकार्ड में दुरूस्त करने के एवज में 10 हजार रूपये रिश्वत की मांग की गई। पटवारी ने कहा कि पैसे तो देना ही पड़ेगा। पैसे दोगे तभी तुम्हारा पैतृक भूमि का रिकार्ड दुरूस्त होगा।

पांच हजार में हुआ सौदा, दो हजार दे चुका था
सुनील कुमार सिंह ने पटवारी को रिश्वत लेते पकड़वाने के लिए एसीबी में शिकायत की तो एसीबी की टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया। सुनील कुमार सिंह ने पटवारी रामगोपाल साहू से मिलकर रिश्वत रकम के संबंध में बातचीत की। पटवारी से पांच हजार रुपये में सौदा तय हुआ। सुनील कुमार सिंह ने तत्काल दो हजार रुपये दे दिया एवं तीन हजार रुपये बाद में देने को कहा। दो हजार रुपये लेने के बाद पटवारी रामगोपाल साहू के द्वारा कहा गया कि शेष रकम 3000 रुपए मिलने पर ही वह आगे की कार्रवाई करेगा।