कोरबा.केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अयोध्या के राम मंदिर के न्योते को लेकर भी कांग्रेस राजनीति कर रही है। उन्हें रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण भेजा गया था, लेकिन उन्होंने दुत्कार दिया।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस को सिर्फ वोट बैंक की राजनीति से मतलब है। उसे सिर्फ माइनॉरिटी से मतलब है। शाह ने कहा कि जनता सब समझ चुकी है। वो नक्सलवाद को बढ़ावा दे रहे थे, लेकिन भाजपा सरकार इसे जड़ से उखाड़ फेंकेगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सभा कटघोरा में हुई।
सभा में ये नेता रहे मौजूद
यहां लोकसभा प्रत्याशी सरोज पांडे, कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल समेत कई दिग्गज नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अमित शाह ने बीजेपी प्रत्याशी सरोज पांडेय को भारी मतों से जिताने की अपील की। अमित शाह की सभा में भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी।
रिटायर्ड IFS अधिकारी राकेश चतुर्वेदी ने थामा बीजेपी का दामन
वहीं अमित शाह की सभा में रिटायर्ड IFS अधिकारी राकेश चतुर्वेदी ने बीजेपी ज्वाइन कर ली। मंत्री ओपी चौधरी ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि भाजपा में लगातार लोग शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस एक डूबती नैया है, जिसे छोड़कर सभी भागना चाहते हैं।

अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की अपील की और अबकी बार 400 पार का नारा दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण को लटकाकर रखा हुआ था। कई सालों से वे लोग लोगों को गुमराह कर रहे थे। कांग्रेस नहीं चाहती थी कि राम मंदिर बने, लेकिन भाजपा शासन काल में नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में राम मंदिर का निर्माण हुआ और पूरी दुनिया भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा की साक्षी बनी।
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि जब कांग्रेस वाले वोट मांगने आपके पास आएं, तो उनसे पूछना कि राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा में आप क्यों नहीं गए और अब किस मुंह से वोट मांगने आए हैं। शाह ने कहा कि कांग्रेस का सिर्फ एक ही मंत्र है, झूठ बोलो, बार- बार बोलो। अब कहती है कि मोदी जी प्रधानमंत्री बनेंगे तो आरक्षण खत्म कर देंगे। 10 साल पूर्ण बहुमत की सरकार थी, खत्म की धारा-370, आतंकवाद और नक्सलवाद। जब तक भाजपा का एक भी सांसद है आरक्षण खत्म नहीं होने देगा।
नक्सली एनकाउंटर को भूपेश बघेल बताते हैं फर्जी
अमित शाह ने कहा कि भूपेश कका की सरकार थी, लेकिन वे नक्सलवाद को बढ़ावा देते रहे। फिर हमारी सरकार बनी, विजय शर्मा डिप्टी सीएम बने और 4 महीने में ही 45 नक्सलियों को ढेर कर दिया। कईयों ने खुद सरेंडर कर दिया है। हमारे जवानों ने पिछले दिनों 29 नक्सलियों को मारा, लेकिन भूपेश कका कहते हैं कि फेक एनकाउंटर है, जबकि उसे खुद नक्सलियों ने स्वीकारा है।
आपकी सांसद लापता है- अमित शाह
अभी आपकी सांसद को लापता सांसद के नाम से जाना जाता है। आप लोग सोचते होंगे कि वह संसद में है, लेकिन न तो वहां हैं और न आपके साथ, पता नहीं कहा हैं। बता दें कि कोरबा लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में 7 मई को चुनाव होना है। यहां बीजेपी प्रत्याशी सरोज पांडेय और कांग्रेस प्रत्याशी ज्योत्सना महंत के बीच सीधा मुकाबला है।









