कोरबा के मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में सतनाम चौराहा के पास एक मकान का ताला तोड़कर चोरों ने आभूषण और कैश रकम पार कर दी। वैवाहिक समारोह से लौटने पर SECL कर्मचारी को इसकी जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मौके का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, SECL की परियोजना में राममिलन यादव कर्मचारी हैं जो अपने परिवार के साथ मानिकपुर क्षेत्र के सतनाम चौराहा के पास निवासरत है। उसके रिश्तेदार के यहां वैवाहिक कार्यक्रम था। शादी समारोह में शामिल होने राममिलन यादव और उसके परिवार नजदीकी गांव कनकी भादा गए हुए थे। पड़ोसियों ने फोन कर घटनाक्रम की जानकारी दी।
शादी कार्यक्रम में गया हुआ था परिवार
राममिलन यादव ने बताया कि शुक्रवार की रात अपने परिवार के साथ शादी कार्यक्रम में गए हुए थे। शनिवार की सुबह पड़ोसियों ने फोन कर जानकारी दी कि उसके घर का ताला टूटा हुआ है। जब घर जाकर देखा तो अंदर के चारों कमरे का ताला टूटा हुआ था। किचन भी खुला हुआ मिला।











