Sunday, May 3, 2026

अतिक्रमण रोकने गए रेंजर और कर्मचारियों पर ग्रामीणों ने किया लाठी-डंडों से हमला

गरियाबंद। अवैध अतिक्रमण रोकने गए रेंजर समेत तीन वन कर्मियों को अतिक्रमणकारियों ने लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा और उनके कपड़े उतार दिए. इस दौरान तीनों घायल जान बचाने के लिए अर्धनग्न हालत में मौके से भागे और रक्शापत्थरा लघु वनोपज सहकारी समिति के प्रबंधक के घर पहुंचकर अपनी जान बचाई. पुलिस में शिकायत दर्ज करने के बाद तीनों का गरियाबंद में इलाज जारी है. घटना की सूचना लगते ही उदंती सीता नदी अभ्यारण्य के उप संचालक वरुण जैन और पुलिस अफसर अस्पताल पहुंच गए थे.

घायल रेंजर राकेश परिहार ने बताया कि अवैध अतिक्रमण रोकने गए थे और 25-30 महिला-पुरुषों ने उन्हें पकड़कर जमकर मारपीट की. कपड़े, मोबाइल, पर्स, जूते-चप्पल सब छीन लिए गए. जान बचाने के लिए भागते हुए एक महिला ने शासकीय वाहन की चाबी दी. अर्धनग्न हालत में वे रक्शापत्थरा लघु वनोपज सहकारी समिति के प्रबंधक के घर पहुंचे और मदद मांगी. सहयोगी कर्मियों ने धोती-साड़ी में लपेटकर उन्हें पहले शोभा थाना पहुंचाया, जहां रेंजर परिहार ने मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. घायलों को मैनपुर अस्पताल में भर्ती कर प्राथमिक उपचार कराया गया, फिर उन्हें गरियाबंद अस्पताल रेफर किया गया.

अभ्यारण्य के उप संचालक वरुण जैन ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि वन कर्मियों पर अतिक्रमणकारियों ने हमला किया है। उच्च अधिकारियों को उचित कानूनी कार्यवाही करने के लिए कहा गया है. घायलों को उचित उपचार दिया जा रहा है. अतिक्रम हटाओ अभियान जारी रहेगा. मैनपुर एसडीओपी पुलिस बाजीलाल सिंह ने बताया कि वन विभाग द्वारा मामले की सूचना दी गई है, रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.