कोरबा। रिस्दी चौक से रिस्दा मार्ग में स्थित ढेंगुर नाला पुल के पास नगर निगम के मुक्तिधाम के पीछे स्थित शासन एवं वन विकास निगम की करोड़ों रुपए कीमती लगभग 5 एकड़ शासकीय भूमि पर तथा उससे संलग्न अनेकों आदिवासियों एवं नजी भूस्वामियों की भूमि पर पूर्व पार्षद पीतांबर साहू एवं उसके परिवार की महिलाओं तथा सहयोगियों के द्वारा विगत 3-4 दिन से ट्रेक्टर से जुताई कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है उनके द्वारा आने जाने के 40 फुट चौड़ी सड़क को भी बाधित कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त नगर निगम द्वारा वहां फेंके गए अवशिष्टों को भी दूसरों की भूमि में बिखराकर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। पीतांबर साहू के द्वारा उक्त शासकीय भूमि को प्लाटिंग कर बेचने का कार्य किया जा रहा है जिसमें अनेकों भूमाफिया के द्वारा सहयोग किया जा रहा है।
विदित हो कि उक्त भूमि पर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल एवं वन विकास निगम कोरबा, वन विभाग कोरबा द्वारा हजारों की संख्या में पूर्व में वृक्षारोपण किया गया था जिसे भी पीतांबर साहू एवं उसके सहयोगियों के द्वारा भूमि पर कब्जा करने के आशय से उजाड़ दिया गया है जिससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचा है तथा लगाए गए लाखों रुपयों के पेड़ पौधे नष्ट हो गए हैं अथवा काटकर बिक्री कर दिया गया है। जिस कारणवश तत्काल राजस्व विभाग, वन विभाग, वन विकास निगम एवं नगर निगम के अतिक्रमण दस्ता को भेजकर उक्त भूखंड को भूमाफियाओं एवं अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराया जाना प्रथम दायित्व है।









