Friday, October 2, 2026

*कोरबा: दीपका थाना में पदस्थ ASI परमेश्वर राठौर और प्रधान आरक्षक योगेश रात्रे सस्पेंड*

कोरबा जिले के दीपका थाना में पदस्थ एएसआई परमेश्वर राठौर और प्रधान आरक्षक योगेश रात्रे को एसपी ने सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई आवेदक अर्जुन दास कुलदीप की शिकायत पर की गई, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि थाना दीपका के पुलिस अधिकारियों ने प्रकरण को रफा-दफा करने के एवज में उनके बेटे से दो लाख चालीस हजार रुपये की मांग की और यह राशि वसूली गई।

अर्जुन दास कुलदीप, जो खुसरूडीह विजय नगर, थाना दीपका, कोरबा के निवासी हैं, ने इस संबंध में एक शिकायत पत्र पुलिस कार्यालय को प्रस्तुत किया था। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए, इस शिकायत की जांच नगर पुलिस अधीक्षक, दर्री द्वारा की गई। जांच में यह पाया गया कि थाना दीपका का सीसीटीवी फुटेज दिनांक 02.09.2024 का देखा गया, जिसमें एएसआई परमेश्वर राठौर, प्रधान आरक्षक योगेश रात्रे और सैनिक महेश राम राठौर का आचरण संदिग्ध पाया गया।

जांच रिपोर्ट में संदिग्ध गतिविधियों का उल्लेख किए जाने के बाद, एसपी ने सख्त कदम उठाते हुए एएसआई परमेश्वर राठौर और प्रधान आरक्षक योगेश रात्रे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान इनका मुख्यालय रक्षित केन्द्र, कोरबा रहेगा, और इन्हें नियमानुसार अनुषांगिक भत्ते दिए जाएंगे।

इस घटना ने पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार के मामलों पर एक बार फिर से ध्यान आकर्षित किया है। प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता और भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।