कटघोरा। कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज के कोरबी सर्किल में एक बार फिर बड़ी संख्या में हाथियों का दल पहुंच गया है। 39 सदस्यीय इस झुंड में नर-मादा हाथियों के साथ शावक भी शामिल हैं। यह दल आज सुबह लगभग 9:30 बजे कोरबी-चिरमिरी मुख्य मार्ग पर पहुंचा और सड़क पार किया। हाथियों के इस दल की मौजूदगी से इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सड़क के दोनों ओर यातायात को रोककर हाथियों को सुरक्षित सड़क पार करने का मौका दिया गया। इस दौरान मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं, ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए और हाथियों की तस्वीरें व वीडियो बनाने में जुट गए। वन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझा-बुझाकर नियंत्रित किया।
हाथियों का यह दल सड़क पार कर जंगल की ओर बढ़ गया, जिसके बाद यातायात को फिर से सुचारू किया गया। बताया जा रहा है कि यह दल पसान रेंज के सेमहरा क्षेत्र से होते हुए केंदई रेंज में आया है। यहां पूर्व में मौजूद हाथियों के झुंड के साथ यह दल मिल गया और आज सुबह कोरबी में पोस्ट ऑफिस के पास से मुख्य सड़क पार करते हुए खुरूपारा जंगल में प्रवेश कर गया।
इस बीच, हाथियों के झुंड ने रास्ते में रोदे पोड़ी खुर्द और कोरबी के आसपास बड़ी मात्रा में ग्रामीणों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। प्रभावित ग्रामीणों ने वन विभाग से मदद की गुहार लगाई है। वन विभाग का अमला हाथियों पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।








