Sunday, September 20, 2026

पटवारी को रिश्वत देने कलेक्टर से मांगा उधार

सरगुजा में पटवारी ने जमीन पर सड़क का नक्शा दुरुस्त करने के लिए 10 हजार रुपए रिश्वत मांगी, तो परेशान भू-स्वामी कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन लेकर पहुंच गया। भू-स्वामी ने पटवारी को रिश्वत देने के लिए कलेक्टर से 8500 रुपए उधार मांगा है।

भू-स्वामी ने उधार की रकम एक महीने में वापस करने की बात कही। आवेदन मिलने से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। अंबिकापुर SDM फागेश सिन्हा ने कहा कि, जांच कर मामले में कार्रवाई करेंगे।

जानकारी के मुताबिक, मोमिनपुरा निवासी मुस्तकिम ने 28 जून 2024 को अंबिकापुर की जमीन खसरा क्रमांक 4658/1, 4658, 4658/, 4654/1 पर भू-स्वामियों की आपसी सहमति से 15 फीट की सड़क बनाने का फैसला लिया। इसके लिए नक्शा दुरुस्त करने का आवेदन एसडीएम अंबिकापुर के न्यायालय में पेश किया गया। एसडीएम न्यायालय ने 15 जुलाई को ज्ञापन जारी किया।