Monday, April 20, 2026

घर के सामने मरा हुआ मुर्गा फेंका, VIDEO:भिलाई में बदमाशों ने चूड़ी-सिंदूर और कटे नींबू रखे

भिलाई में दो युवकों ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए जादू टोने का सहारा लिया है। युवकों ने शुक्रवार रात एक घर में दरवाजे के नीचे पेट्रोल डालकर आग लगा दी। वहीं दूसरे घर में मुर्गे की बली देकर, कटे नीबू में सुई चुभोकर, सफेद सिंदूर और काली चूड़ी फेंक कर चले गए।

मामला छावनी थाना के कैंप 1 सुंदर का है। यहां के रहवासी एस नरेश के घर में बदमाशों ने ये वारदात की। सुबह 4 बजे जब एस नरेश उठे और घर का दरवाजा खोला तो वो काफी डर गए।

उन्होंने कभी ऐसा टोना टोटका नहीं देखा था। इसके बाद उन्होंने डर के मारे तुरंत घर का दरवाजा बंद कर लिया। अपनी पत्नी रामलुमा को घर के बाहर जाने से मना किया। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे एस बाला राजू को फोन करके घटना की जानकारी दी।

घर के अंदर पड़ा कटा मुर्गा और जादू टोना का सामान
घर के अंदर पड़ा कटा मुर्गा और जादू टोना का सामान

पड़ोस के कुछ लोगों से पुरानी रंजिश

जानकारी मिलते ही बेटा एस बाला राजू घर पहुंचा। उसने देखा कि मोहल्ले में भीड़ लगी है। लोग काफी डरे हैं। उसने लोगों को समझाया कि जादू टोना कुछ नहीं होता। ये किसी ने शरारत की है। इसके बाद उसने छावनी थाने में शिकायत की। पुलिस के आने पर जांच करने के बाद टोना टोटका का सामान घर के बाहर से हटाया गया।

एस नरेश और उनकी पत्नी का कहना है कि मोहल्ले में दो तीन लोगों से उनकी कुछ पुरानी रंजिश है, उन्हीं के द्वारा ये सारा खेल खेला गया है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

कटे हुए नींबू के अंदर चुभोई गई हैं कई सुई
कटे हुए नींबू के अंदर चुभोई गई हैं कई सुई

सीसीटीवी फुटेज में दो लड़के दिखे मुर्गा फेंकते

एस नरेश के घर और आसपास कई घरों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। उस कैमरे में दो आरोपियों की तस्वीर कैद हुई है। जिनके चेहरे कपड़े से ढके थे, वो लोग एक स्कूटी से आए। उन्होंने एक मुर्गा का गला काटा और उसे एस नरेश के घर की बाउंड्री के अंदर फेंका।

साथ ही एक कपड़े में लाल सिंदूर, काली चूड़ी, कटे नींबू, जिसमें सुई घुसी हुई फेंका और भाग गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे हुलिया के आधार पर आरोपी की पहचान कर रही है।