Saturday, October 10, 2026

कोरबा: कोयला व्यापारी की हत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज आया सामने

कोरबा। होली के दिन हुई कोयला व्यापारी अनिल यादव (50) की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें घायल अनिल को ले जाते हुए देखा जा सकता है। यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, 14 मार्च को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी खरमोरा निवासी अनिल यादव का प्रेमनगर रजगामार निवासी अर्पित अग्रवाल (26) और साहिल दास से मामूली बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर अनिल यादव की बेहरमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

अनिल यादव उस दिन सुबह होली खेलने के लिए घर से निकले थे। पहले वे रजगामार गए और फिर प्रेमनगर पहुंचे। दोपहर करीब 3 बजे वे सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पाए गए। उनकी बाइक पास में खड़ी थी और गमछा कुछ दूरी पर पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों ने जब उन्हें सड़क पर पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी लक्ष्मण खूंटे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अनिल को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि अनिल की मौत गंभीर चोटों के कारण हुई है, जिसके बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानकर जांच शुरू की। जांच में अर्पित और साहिल का नाम सामने आया, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।