Monday, April 20, 2026

कोरबा/पाली ब्रेकिंग न्यूज: हत्याकांड के आरोपी SECL अधिकारी को मिला प्रमोशन, विभागीय कार्रवाई की बजाय कुसमुंडा परियोजना में नई पदस्थापना

पाली, कोरबा | 22 अप्रैल 2025 एसईसीएल की सरायपाली परियोजना अंतर्गत बुड़बुड़ ओपनकास्ट खदान में ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल हत्याकांड के गंभीर मामले में आरोपी बनाए गए सब एरिया मैनेजर सुरेंद्र सिंह चौहान पर विभागीय कार्रवाई करने के बजाय प्रमोशन देकर कुसमुंडा परियोजना में नई पदस्थापना दे दी गई है। इस निर्णय को लेकर एसईसीएल की कार्यप्रणाली पर गहरे सवाल उठ रहे हैं।

हत्या के बाद से फरार है आरोपी, फिर भी मिली पदोन्नति

गौरतलब है कि 28 मार्च 2025 की रात को आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई में ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। पाली थाना में मृतक के भाई अनिल जायसवाल की शिकायत पर कुल 16 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया, जिनमें से सुरेंद्र सिंह चौहान 16वें आरोपी के रूप में नामित हैं।

चौहान के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 191(2), 191(3), 190, 103(1), आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27, और बीएनएस की धारा 61(2)(A) (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत गंभीर गैर-जमानती अपराध दर्ज हैं। धारा 190 के अंतर्गत वे गैरकानूनी समूह का हिस्सा माने गए हैं, जिससे उन्हें सामूहिक रूप से हत्या जैसे जघन्य अपराध के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है।

15 अप्रैल को मिली पदोन्नति, बनी जनरल मैनेजर

घटना के बाद से फरार चल रहे सुरेंद्र सिंह चौहान को 15 अप्रैल 2025 को जारी एसईसीएल की प्रमोशन सूची में जनरल मैनेजर (ऑपरेशन) और स्टाफ ऑफिसर (पीएंडपी) पद पर कुसमुंडा परियोजना में पदस्थ किया गया है। यह नियुक्ति तब हुई है जब आरोपी चौहान की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है।