Tuesday, October 20, 2026

मरीजों की जान से खिलवाड़: फार्मासिस्ट की गैरमौजूदगी में प्यून बांट रहा दवाइयां

सरगुजा। जिले में मैनपाट के कमलेश्वरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से बड़ी लापरवाही सामने आई है। जहां मरीजों की जान से खिलवाड़ करते हुए फार्मासिस्ट की गैरमौजूदगी में अस्पताल का चपरासी दवाइयां बांटता नजर आया। इस घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इधर मामले की जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) प्रेम सिंह मार्को ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि यह लापरवाही बेहद गंभीर है और मरीजों के जीवन से खिलवाड़ करने जैसा है। इस पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने BMO मैनपाट और संबंधित चपरासी दोनों के खिलाफ शो-कॉज नोटिस जारी करने के की बात कही हैं।

गौरतलब है कि यह घटना एक बार फिर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति और निगरानी की कमी को उजागर करती है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई हो और भविष्य में अस्पतालों में नियमित तौर पर जिम्मेदार स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।