Sunday, June 28, 2026

कोरबा के कटघोरा में तालाब में कपड़ा व्यापारी का शव मिला, बच्चे देख कर बाहर निकाले

कोरबा। कटघोरा के राधासागर तालाब में सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले कपड़ा व्यापारी जुगल अग्रवाल (45 वर्ष) का शव तैरता हुआ मिला। बच्चों ने तालाब में तैरते शव को देखा और तुरंत बाहर निकाला। जब तक शव बाहर लाया गया, तब तक जुगल अग्रवाल की मौत हो चुकी थी।

प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि जुगल अग्रवाल मॉर्निंग वॉक के दौरान तालाब के पास हाथ-पैर धोने गए होंगे और फिसलकर तालाब में गिर गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को सूचित किया गया। जुगल अग्रवाल अंबिकापुर-कटघोरा मुख्य मार्ग पर ‘जुगल क्लॉथ स्टोर’ नाम से दुकान चलाते थे और क्षेत्र के जाने-माने व्यापारी माने जाते थे।

इस घटना से कटघोरा क्षेत्र के व्यापारियों और लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच कर रही है।