भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर की उपेक्षा पर गरजे सभापति नूतनसिंह ठाकुर, कहा – ‘छत्तीसगढ़िया नेताओं को किया जा रहा है साजिशन नजरअंदाज’

कोरबा, 05 अक्टूबर 2025 | नगर पालिका निगम कोरबा के सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर की उपेक्षा और नजरबंदी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इसे अत्यंत दुर्भाग्यजनक और संगठन की गंभीर कमजोरी बताया है।

 

सभापति ठाकुर ने कहा कि ननकीराम कंवर कोरबा जिले में भाजपा के लिए भीष्म पितामह की भूमिका में रहे हैं। कांग्रेस के भ्रष्टाचार का खुलासा कर भाजपा को सत्ता में लाने में उनकी अहम भूमिका रही है। ऐसे नेता की अनदेखी और अपमान करना न केवल अनुचित है बल्कि यह दर्शाता है कि भाजपा नेतृत्व छत्तीसगढ़िया नेतृत्व को हाशिये पर धकेलने की कोशिश कर रहा है।

 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि – “बिना जनाधार वाले कुछ भाजपा नेता आज सत्ता की मलाई खा रहे हैं, जबकि जमीनी कार्यकर्ताओं और संघर्षशील नेताओं को दरकिनार किया जा रहा है। कोरबा जिले में एक साजिश के तहत लखन देवांगन, मनोज शर्मा और विकास महतो जैसे नेताओं को या तो हटाया गया या उनके खिलाफ मोर्चा खोला गया।”

 

ठाकुर ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद का भी जिक्र करते हुए कहा कि यदि यह पद आरक्षित नहीं होता, तो वहां भी किसी पूंजीपति को बैठा दिया जाता।

 

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भाजपा नेतृत्व ने वरिष्ठ और जमीनी नेताओं का सम्मान नहीं किया, तो इसका खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ेगा। आम जनता के बीच इस उपेक्षा के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

 

अंत में उन्होंने मांग की कि भाजपा शीर्ष नेतृत्व ननकीराम कंवर को सम्मान दे और कोरबा जैसे जिलों में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की बातों को प्राथमिकता दे, ताकि छत्तीसगढ़ में भाजपा का जनाधार बना रहे।