रायपुर एयरपोर्ट से 26 अक्टूबर से नई इंडिगो फ्लाइट, दिल्ली, मुंबई और भोपाल के लिए यात्रा होगी आसान

रायपुर। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर से 26 अक्टूबर 2025 से दिल्ली, मुंबई और भोपाल के लिए इंडिगो एयरलाइंस की नई फ्लाइट शुरू होगी। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने विंटर सीजन के लिए इसका शेड्यूल जारी किया है।

दिल्ली के लिए शेड्यूल

नई फ्लाइट दिल्ली से सुबह 10:15 बजे रवाना होकर दोपहर 12:15 बजे रायपुर पहुंचेगी। इसके बाद रायपुर से 12:45 बजे उड़ान भरकर दोपहर 2:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। विमानन कंपनी ने सभी ट्रैवल एजेंट्स और यात्रियों को टिकट बुकिंग के लिए सूचना जारी कर दी है।

रायपुर के लिए अतिरिक्त फ्लाइट

ट्रैवल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (टाफी) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमन जादवानी के अनुसार, दिल्ली के लिए वर्तमान में 6 फ्लाइटें संचालित हो रही हैं – 4 इंडिगो और 2 एयर इंडिया। नई फ्लाइट के शुरू होने के बाद यह संख्या 7 हो जाएगी।

मुंबई और भोपाल के लिए भी नई फ्लाइट शुरू करने का प्रस्ताव है, लेकिन अभी इसका शेड्यूल अंतिम नहीं हुआ है। वर्तमान में रायपुर-मुंबई के बीच 3 फ्लाइटें और रायपुर-भोपाल के लिए 1 फ्लाइट संचालित होती है। भोपाल फ्लाइट पहले सप्ताह में 3 दिन चलती थी, जिसे 20 सितंबर से रोजाना कर दिया गया है।

त्योहारी सीजन में यात्रियों को मिलेगी राहत

त्योहारी सीजन और 26 अक्टूबर 2025 से 28 मार्च 2026 तक विंटर सीजन को देखते हुए रायपुर के लिए अतिरिक्त फ्लाइट शुरू की गई है। ट्रैवल्स संचालकों का कहना है कि विंटर सीजन में यात्रियों का आवागमन सबसे अधिक होता है। वर्तमान में रायपुर से विभिन्न शहरों के लिए रोजाना 6000-7000 यात्री सफर कर रहे हैं।