knn24 news/ छत्तीसगढ़ की कांग्रेस पार्टी देश में बढ़ रही महंगाई के मामले में भाजपा नेताओं पर चुन-चुनकर सियासी वार कर रही है। अब पार्टी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर डॉ रमन सिंह की पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए लिखकर पूछा है कि अब तो कमर में आराम है डॉ साहब। दरअसर तस्वीर तब की है जब देश में कांग्रेस की सरकार थी और प्रदेश में भाजपा की। डॉ रमन CM थे और महंगाई के मुद्दे पर साइकिल चलाकर विरोध किया था। डॉ रमन ने साइकिल पर तख्ती टांग रखी थी इस पर लिखा था जब से कांग्रेस आई है कमर तोड़ महंगाई है। ये सियासी ट्वीट कर कांग्रेस ने देश में बढ़ रहे पेट्रोल के दामों को लेकर चुटकी ली है।
कांग्रेस ने किया था प्रदर्शन
शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर गरियाबंद में प्रदर्शन किया गया। यहां पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने अपने गांव दरलीपारा में ही पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ अपनी बाइक को बैलों से बांधकर खिंचवाया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान महिलाओं ने भी गैस-चूल्हा सिर म पर उठाकर केंद्र सरकार का विरोध जताया है। बेसरा ने प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार पर जमकर निशाना भी साधा है। रायपुर में मोहन मरकाम ने अपने बंगले के बाहर महंगाई पर धरना दिया था।
विवादित बयान के बाद बृजमोहन की चुप्पी
गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने महंगाई को राष्ट्रीय आपदा बताया। उनका कहना था, पिछले 7 सालों में महंगाई दोगुने से अधिक हो गई है। कोरोना की वजह से लोगों की आय प्रभावित है। इस वजह से दिक्कते बढ़ रही है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी नीतियों को जिम्मेदार ठहराया था। जवाब में भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, “अगर महंगाई राष्ट्रीय आपदा है तो जो लोग ऐसा कह रहे हैं वे खाना-पीना त्याग दें। अन्न त्याग दें। पेट्रोल का उपयोग बंद कर दें। मुझे लगता है कि केवल कांग्रेसी और कांग्रेस को वोट देने वाले लोग ही ऐसा कर देंगे तो महंगाई कम हो जाएगी।” इस बयान की वजह से बृजमोहन की किरकिरी हुई फिलहाल वो अब किसी बयान के साथ सामने नहीं आ रहे।









