कोरबा। सीतामढ़ी में पुरानी रंजिश के नाम पर एक युवक पर बेरहमी से जानलेवा हमला किया गया। करीब डेढ़ दर्जन युवकों ने लाठी, डंडे, चेन, हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीच-बचाव करने आए एक अन्य युवक के साथ भी मारपीट की गई।
घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के सीतामढ़ी स्टेशन रोड स्थित शनि मंदिर के पास का है। घायल युवक की पहचान प्रकाश दास के रूप में हुई है, जो घटना के समय राशन लेने पहुंचा था।
पुरानी रंजिश का आरोप लगाकर हमला
जानकारी के अनुसार, सीतामढ़ी पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के पास दो युवकों के बीच पहले झगड़ा हुआ था। इसके बाद मोती सागर पारा निवासी एक युवक नशे की हालत में करीब 15-18 युवकों के साथ शनि मंदिर के पास पहुंचा और प्रकाश दास पर हमला बोल दिया। हमलावरों का आरोप था कि प्रकाश पुरानी रंजिश का हिस्सा है, जबकि प्रकाश ने इससे साफ इनकार किया है।
दुकान में घुसकर भी की पिटाई
पीड़ित प्रकाश दास के अनुसार, हमलावरों ने पहले सड़क पर उसे घेरा और बुरी तरह पीटा। वह जान बचाने के लिए पास की एक दुकान में घुस गया, लेकिन हमलावर वहां भी घुस गए और पिटाई जारी रखी। हमले में उसे सिर, पीठ और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं।









