कोरबा। छत्तीसगढ़ में तंत्र-मंत्र के दौरान तीन लोगों की रहस्यमयी मौत ने पूरे प्रदेश को दहला दिया है। बरबसपुर स्थित एक स्क्रैप यार्ड के कमरे में स्क्रैप कारोबारी अशरफ मेमन, तुलसी नगर निवासी सुरेश साहू और दुर्ग के नीतीश कुमार के शव बुधवार देर रात बरामद किए गए। घटना उरगा थाना क्षेत्र की है, जिसकी जांच सिविल लाइन पुलिस कर रही है।
सबसे सनसनीखेज खुलासा—
बिलासपुर निवासी कथित तांत्रिक राजेंद्र कुमार ने तीनों को 5 लाख को तंत्र-विद्या से 2.5 करोड़ में बदलने का लालच देकर कोरबा बुलाया था। दावा था कि पैसे कई गुना बढ़कर “चमत्कारी रूप” में बाहर आएंगे और रकम सभी में बांटी जाएगी।
तंत्र-अनुष्ठान के नाम पर शुरू हुआ मौत का खेल
रात करीब 11 बजे स्क्रैप यार्ड में कथित तंत्र-मंत्र शुरू किया गया। राजेंद्र ने तीनों को एक-एक कर अलग कमरे में बुलाया, उन्हें नींबू दिया, जमीन पर रस्सी से घेरा बनाया और भीतर बंद कर दिया। कहा— कमरा आधे घंटे बाद खोला जाएगा।
लेकिन दरवाजा खुला तो सामने तीन लाशें पड़ी थीं!
हड़कंप मचने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कथित तांत्रिक का साथी अश्वनी कुर्रे का दावा
“हमें नहीं पता क्या हुआ… तंत्र-विद्या के बाद अचानक तीनों मर गए।”
उसके बयान ने रहस्य और गहरा कर दिया है।









