कोंडागांव। जिले के करंजी ग्राम स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में तंत्र-मंत्र जैसी संदिग्ध गतिविधि का मामला सामने आने से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। बुधवार सुबह (17 दिसंबर) स्कूल खुलते ही प्रिंसिपल ऑफिस के सामने लाल कपड़ा, कटे हुए नींबू, सिंदूर, लाल धागा और एक अधूरा पुतला पड़ा मिला, जिससे शिक्षक, छात्र और स्टाफ भयभीत हो गए।
विद्यालय की प्राचार्या देवयानी चौधरी ने बताया कि जैसे ही वे स्कूल पहुंचीं, ऑफिस के सामने यह संदिग्ध सामग्री दिखाई दी। आशंका है कि किसी अज्ञात असामाजिक तत्व ने जानबूझकर डर का माहौल बनाने के उद्देश्य से देर रात तंत्र-पूजा जैसी गतिविधि की है। घटना के बाद स्कूल परिसर में भय और असुरक्षा का वातावरण बन गया है।
शुद्धिकरण पूजा की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यालय में शुद्धिकरण पूजा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों और शिक्षकों पर मानसिक असर पड़ता है।
पढ़ाई-लिखाई प्रभावित
संदिग्ध गतिविधि के कारण विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। छात्र और शिक्षक किसी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
प्रशासन को दी गई सूचना
घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जिला शिक्षा अधिकारी और ग्राम प्रमुखों को इसकी सूचना दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिल चुकी है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह कृत्य किसने किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की हरकत करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।









