कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दंतैल हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते 72 घंटों में हाथी ने तीन लोगों की जान ले ली, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। हाथी अब तक करीब 75 किलोमीटर का सफर तय कर 40 से अधिक गांवों को प्रभावित कर चुका है।
जानकारी के अनुसार, हाथी ने सबसे पहले बिलासपुर रेंज में एक महिला को कुचलकर मार डाला। इसके बाद कटघोरा वन मंडल में 24 घंटे के भीतर दो महिलाओं की जान ली। ताजा घटना में कोरबा शहर से सटे बालको रेंज में एक ग्रामीण को भी हाथी ने अपना शिकार बना लिया।
72 घंटे में तय किया 75 किमी का सफर
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह हाथी लगातार गांवों, खेतों और जंगलों के बीच विचरण कर रहा है। वर्तमान में हाथी कोरबा वन मंडल के करतला वन परिक्षेत्र के सुईयारा जंगल स्थित बड़मार बीट में डेरा डाले हुए है।
कोटमेर, तुर्रिकटरा, दादरपारा, बड़मार और टीमनभौना सहित कई गांवों में इसकी मौजूदगी दर्ज की गई है।
ड्रोन से निगरानी, गांवों में मुनादी
वन विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्रोन कैमरों से हाथी की निगरानी शुरू कर दी है। प्रभावित गांवों में लगातार मुनादी कर ग्रामीणों को हाथी से दूर रहने की चेतावनी दी जा रही है। जंगल और खेतों की ओर जाने पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।
ग्रामीणों को विशेष रूप से समझाया जा रहा है कि रात में किसी भी आवाज पर घर से बाहर न निकलें। सुबह होने से पहले जंगल की ओर न जाएं। हाथी अक्सर घरों से लगी बाड़ियों में पहुंच रहा है, इसलिए धान भरे स्थानों या बाड़ियों में रात बिताने से मना किया गया है।
24 घंटे निगरानी में हाथी
वन विभाग की दो अलग-अलग टीमें 24 घंटे हाथी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। साथ ही, हाथी द्वारा किए गए जान-माल के नुकसान का सर्वे भी किया जा रहा है, ताकि आगे मुआवजा और सुरक्षा के इंतजाम किए जा सकें।









