Thursday, March 12, 2026

बीच सड़क युवती का हंगामा, युवक को जड़े थप्पड़; एक घंटे तक चला ड्रामा, वीडियो वायरल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बीच सड़क एक युवती द्वारा युवक को थप्पड़ मारने और हंगामा करने का मामला सामने आया है। युवती और युवक करीब एक घंटे तक सड़क पर ड्रामेबाजी करते रहे। इस दौरान युवती कभी युवक को थप्पड़ मारती रही तो कभी गाड़ियों के सामने कूदकर जान देने की धमकी देती नजर आई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामला कोनी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार युवक तालापारा का रहने वाला है, जबकि युवती भी उसी मोहल्ले की निवासी है। हैरानी की बात यह है कि दोनों शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी हैं।

बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले युवती अपने एक परिचित की महिला के साथ कोनी रोड गई थी, जहां युवक भी उसके साथ मौजूद था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक शराब के नशे में था, वहीं युवती भी नशे की हालत में थी। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवती बीच सड़क पर वाहनों के सामने आकर जान देने की धमकी देने लगी। युवक उसे लगातार समझाने और मनाने की कोशिश करता रहा। सड़क पर हंगामा देखकर आसपास मौजूद लोगों को पहले लगा कि युवक युवती से छेड़खानी कर रहा है, लेकिन बाद में पता चला कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते हैं और उनकी हरकतें सामान्य नहीं थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती ने युवक को कई बार थप्पड़ मारे, जबकि युवक उसे शांत कराने की कोशिश करता रहा। करीब एक घंटे तक सड़क पर यह ड्रामा चलता रहा, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक-युवती को अपने साथ ले गई। हालांकि, पुलिस द्वारा दोनों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं किए जाने की बात सामने आ रही है। वहीं, थप्पड़ मारने और हंगामा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है