Thursday, March 12, 2026

नया टाइम-टेबल लागू: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की 63 ट्रेनों के समय में बदलाव, 5 से 25 मिनट की होगी समय बचत

नई दिल्ली/बिलासपुर। नए साल के पहले दिन यानी 1 जनवरी 2026 से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) बिलासपुर जोन से होकर चलने वाली कई ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। नई रेलवे समय-सारणी के तहत एक्सप्रेस और पैसेंजर समेत कुल 63 ट्रेनों के परिचालन समय में 5 से 25 मिनट तक का आंशिक परिवर्तन किया गया है। रेलवे प्रशासन का दावा है कि इससे ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी और यात्रियों का समय बचेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह बदलाव गाड़ियों के संचालन को अधिक सुचारू और तेज बनाने के उद्देश्य से किया गया है। नई समय-सारणी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी हो गई है, ऐसे में यात्रियों को यात्रा से पहले अपडेटेड टाइम-टेबल की जानकारी लेना जरूरी है।

हर साल इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों के कारण होता है बदलाव

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बताया कि हर वर्ष विभिन्न रेलवे स्टेशनों और सेक्शनों में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट का कार्य चलता रहता है। इन्हीं कार्यों के चलते ट्रेनों की गति और परिचालन समय में सुधार किया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत हर साल 1 जनवरी से नई समय-सारणी लागू की जाती है। वर्ष 2026 में भी इसी क्रम में आंशिक परिवर्तन किया गया है।

एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को होगा फायदा

रेलवे के मुताबिक, नई समय-सारणी के तहत मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन समय में 10 से 25 मिनट तक की बचत होगी, जबकि पैसेंजर ट्रेनों में 5 से 20 मिनट तक का समय कम होगा। यह बचत प्रस्थान स्टेशन से लेकर अंतिम गंतव्य तक की यात्रा अवधि में होगी।

55 एक्सप्रेस और 8 पैसेंजर ट्रेनें शामिल

नई समय-सारणी में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन से होकर चलने वाली और गुजरने वाली कुल 63 गाड़ियों के समय में बदलाव किया गया है। इनमें अप और डाउन दिशा की 55 एक्सप्रेस ट्रेनें और 8 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि अन्य ट्रेनों की समय-सारणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

यात्रियों को दी गई सलाह

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले 1 जनवरी 2026 से लागू नई समय-सारणी की जानकारी जरूर प्राप्त करें। यात्री अपने संबंधित स्टेशन, रेलवे पूछताछ केंद्र या रेलवे की अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से अपडेटेड टाइम-टेबल देख सकते हैं, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।