Thursday, March 12, 2026

4 नाबालिग समेत 8 संदिग्ध हिरासत में, बांग्लादेशी होने की आशंका

सूरजपुर। जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां चार नाबालिगों सहित कुल आठ संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इन सभी के बांग्लादेशी होने की आशंका जताई जा रही है। संदिग्धों के संबंध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा शिकायत किए जाने के बाद कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये सभी एक ब्रेड फैक्टरी में काम कर रहे थे। शिकायत मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की। फिलहाल पुलिस उनकी पहचान, नागरिकता और दस्तावेजों की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि बांग्लादेश में जारी हिंसा और सीमा पार अवैध आवाजाही की आशंकाओं के मद्देनज़र पुलिस ने प्रदेश के कई शहरों में सघन जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में ‘ऑपरेशन समाधान’ के तहत दूसरे राज्यों से आए लोगों की तस्दीक की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एक सप्ताह पहले रायपुर में भी व्यापक स्तर पर जांच की गई थी, जहां एक हजार से अधिक लोगों की पहचान और दस्तावेजों की जांच हुई, जिसमें करीब 100 संदिग्ध सामने आए। पुलिस को आशंका है कि इनमें कुछ बांग्लादेशी नागरिक या रोहिंग्या हो सकते हैं।

फिलहाल सूरजपुर मामले में जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों की पुष्टि और पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।