रायगढ़। तमनार आंदोलन के दौरान महिला आरक्षक के साथ मारपीट और अमानवीय बदसलूकी के बहुचर्चित मामले में रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चित्रसेन साव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी निवासी ग्राम झरना, तमनार ब्लॉक है।
पुलिस ने आरोपी को भारी सुरक्षा के बीच शहर में जुलूस निकालते हुए न्यायालय में पेश किया। जुलूस के दौरान महिला संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, उसके मुंह पर कालिख पोती और जूतों की माला पहनाकर विरोध दर्ज कराया।
गौरतलब है कि 27 दिसंबर को तमनार क्षेत्र में आंदोलन के दौरान महिला आरक्षक के साथ मारपीट और घृणित व्यवहार की घटना सामने आई थी, जिससे पूरे प्रदेश सहित देशभर में आक्रोश फैल गया था। इस मामले में अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस की यह कार्रवाई महिला सुरक्षा और कानून के प्रति सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है।









