राउरकेला | शनिवार, 10 जनवरी 2026 ओडिशा के राउरकेला में शनिवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हो गया। भुवनेश्वर से राउरकेला आ रहा इंडिया वन एयर का 9-सीटर सेसना ग्रैंड कारवां (VT-KSS) विमान तकनीकी खराबी के बाद जालदा इलाके के पास एक खेत में क्रैश-लैंड हो गया। पायलट की सूझबूझ से एक बड़ी त्रासदी टल गई, हालांकि विमान में सवार सभी 4 यात्री और 2 पायलट घायल हुए हैं।
भुवनेश्वर से राउरकेला की उड़ान के दौरान हादसा
जानकारी के अनुसार, कमर्शियल विमान VT-KSS ने दोपहर 12:27 बजे भुवनेश्वर से उड़ान भरी थी। विमान को दोपहर 1:15 से 1:20 के बीच राउरकेला एयरपोर्ट पर लैंड करना था। लेकिन लैंडिंग से मात्र 15 किलोमीटर पहले ही विमान में गंभीर तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने तत्काल ‘MAYDAY’ कॉल (आपातकालीन संदेश) किया और घनी आबादी से बचते हुए जालदा कंसा के पास एक खुले खेत में विमान को उतारने का फैसला किया।
पेड़ से टकराकर 100 मीटर तक घिसटा विमान
प्रत्यक्षदर्शियों और आधिकारिक रिपोर्टों के अनुसार, आपातकालीन लैंडिंग के दौरान विमान का एक पंख (विंग) पेड़ से टकरा गया, जिससे संतुलन बिगड़ गया। विमान जमीन से टकराने के बाद करीब 100 मीटर तक घिसटता चला गया। विमान का अगला हिस्सा और विंग्स बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुँचकर घायलों को विमान से बाहर निकाला।









