रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में सिविल लाइन स्थित सीएम हाउस में मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य हित से जुड़े कई अहम निर्णयों पर मुहर लगी, जिनमें नई आबकारी नीति, उच्च शिक्षा, आईटी-स्टार्टअप और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े फैसले शामिल हैं।
आबकारी नीति 2026-27 को मंजूरी
कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ आबकारी नीति वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्ताव का अनुमोदन किया। इसके साथ ही नीति के क्रियान्वयन से जुड़ी सभी आवश्यक कार्यवाहियों के लिए संबंधित विभाग को अधिकृत किया गया है।
SVKM को 40 एकड़ जमीन, नवा रायपुर में बनेगा उच्च कोटि का शैक्षणिक संस्थान
नवा रायपुर में हाई क्वालिटी एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन की स्थापना के लिए श्री विले पारले कलावनी मंडल (SVKM) को 40 एकड़ भूमि 90 वर्षों की लीज पर देने का फैसला किया गया। SVKM वर्ष 1934 से शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत एक प्रतिष्ठित संस्था है, जो वर्तमान में 30 से अधिक शैक्षणिक संस्थान संचालित कर रही है। इससे राज्य में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
नवा रायपुर में 4 नए उद्यमिता केंद्र, STPI से होगा MOU
कैबिनेट ने नवा रायपुर में आईटी और तकनीकी स्टार्ट-अप को बढ़ावा देने के लिए 4 नए उद्यमिता केंद्रों की स्थापना हेतु सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के साथ एमओयू का निर्णय लिया। ये केंद्र आगामी 3 से 5 वर्षों में 133 स्टार्ट-अप्स को समर्थन देंगे। साथ ही एक इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एवं विकास केंद्र भी स्थापित किया जाएगा, जो हर साल 30-40 हार्डवेयर स्टार्ट-अप और एमएसएमई को सहयोग प्रदान करेगा।
सरकारी अस्पतालों में बढ़ेंगी जांच सुविधाएं
बैठक में राज्य के जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में लैब सुविधाओं को मजबूत करने और जांच की संख्या बढ़ाने से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इससे आम जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
सीएम हाउस में हुई बैठक, समय-स्थान में हुआ बदलाव
गौरतलब है कि यह बैठक पहले नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में प्रस्तावित थी, लेकिन बाद में सीएम हाउस में आयोजित की गई। बैठक में सभी मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित विभागों के अफसर मौजूद रहे।







