Sunday, May 31, 2026

जांजगीर-चांपा: पुलिस ने डकैती गिरोह के मास्टरमाइंड रामनाथ को घायल कर पकड़ा

पुलिस ने घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया है।जांजगीर-चांपा। जिले में लगातार हुई डकैती की घटनाओं के बाद पुलिस ने रविवार सुबह 5 बजे डकैती गिरोह के मास्टरमाइंड रामनाथ को शॉर्ट एनकाउंटर में पकड़ा। इस दौरान रामनाथ के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल आरोपी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह दर्द में ‘दादा-दादा’ कहते हुए रोते नजर आ रहा है।

जानकारी के अनुसार, 27 और 29 जनवरी को शिवरीनारायण और पामगढ़ थाना क्षेत्रों में 5 हथियारबंद डकैतों ने लूटपाट की थी। इन घटनाओं में 13 लोग घायल हुए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है।

पुलिस ने इन घटनाओं के बाद एक विशेष टीम गठित की और 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ के बाद मास्टरमाइंड रामनाथ का पता चला। पुलिस की घेराबंदी देख रामनाथ ने देशी कट्टे से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शिवरीनारायण थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने भी 3 बार फायरिंग की, जिसमें एक गोली रामनाथ के पैर में लगी।

घायल रामनाथ को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मौके से देशी कट्टा भी बरामद किया गया।

पुलिस ने गिरोह के सभी सदस्यों के खिलाफ डकैती, हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एसडीओपी योगिता बाली खापर्डे ने घटना की पुष्टि की है।