गरियाबंद के राजिम में सांप्रदायिक हिंसा से दहशत, दुधकैयां गांव छावनी में तब्दील, तीन आरोपी गिरफ्तार

गरियाबंद। ज़िले की धर्मनगरी राजिम अंतर्गत दुधकैयां गांव में रविवार शाम भड़की सांप्रदायिक हिंसा ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। दोनों समुदायों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि हालात बेकाबू हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने विशेष समुदाय के घर पहुंचकर घर और कार को आग के हवाले कर दिया, जिससे पूरे गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने गांव में चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। मौके पर आईजी और एसपी स्वयं पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। देर रात तक गांव में तनावपूर्ण माहौल बना रहा, हालांकि आईजी के पहुंचने के बाद स्थिति में कुछ हद तक शांति आई। इसके बावजूद गांव में भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है और पूरा इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया है। फिलहाल गांव में कर्फ्यू जैसे हालात बने हुए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस हिंसा के मुख्य आरोपी को क्राइम ब्रांच की टीम ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। हिंसा के बाद आरोपी फरार हो गया था। क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी सहित कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गरियाबंद एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

बताया जा रहा है कि दुधकैयां गांव में दोनों समुदायों के बीच बीते करीब तीन वर्षों से तनाव चला आ रहा है। जानकारी के अनुसार तीन साल पहले विशेष समुदाय के एक युवक द्वारा गांव के शिव मंदिर को क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद विवाद की शुरुआत हुई थी। उस समय ग्रामीणों की शिकायत पर आरोपी को जेल भेजा गया था। जेल से लौटने के बाद युवक ने कथित तौर पर दूसरे समुदाय के लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे गांव में आक्रोश फैल गया।

इसी घटना के बाद उग्र हुए ग्रामीणों ने विशेष समुदाय के घर में आगजनी की और एक कार को भी आग के हवाले कर दिया। हिंसा इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और जानलेवा हमले हुए। घटना की सूचना मिलते ही राजनांदगांव, धमतरी और महासमुंद जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचाया गया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा।

फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी हाल में कानून-व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी।