सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। जयनगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी ही पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। हैरान करने वाली बात यह है कि मृतका आरोपी की मामी थी, जिसने पहले पति को छोड़कर अपने से दो साल छोटे भांजे से लव मैरिज की थी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी पिंकी सोलंकी (26) कई लड़कों से फोन पर बातचीत करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। जब पिंकी ने इन आरोपों से इनकार किया तो झगड़ा और बढ़ गया। विवाद के बाद पिंकी अपने दोनों बच्चों के साथ अलग रहने लगी थी। इसी से नाराज और मानसिक रूप से परेशान आरोपी ने पत्नी की हत्या की साजिश रच डाली।
बर्थडे सेलिब्रेशन बना मौत का जाल
आरोपी ने अपना जन्मदिन मनाने के बहाने पत्नी को होटल ले जाने की योजना बनाई। दोनों ने होटल में केक काटा और शराब पी। नशे की हालत में आरोपी पिंकी को जंगल की ओर ले गया, जहां पहले दुपट्टे से उसका गला घोंटकर उसे बेसुध किया और फिर चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
भांजे से की थी लव मैरिज
जांच में सामने आया है कि पिंकी सोलंकी की शादी करीब आठ साल पहले भैसामुंडा निवासी शिवदास से हुई थी। शादी के कुछ साल बाद काम की तलाश में दोनों अंबिकापुर आए, जहां किराए के मकान में रहने लगे। इसी दौरान पिंकी ने एक बेटी को जन्म दिया।
बाद में शिवदास का भांजा हेमंत सोलंकी (24) भी काम की तलाश में अंबिकापुर आया और मामा-मामी के साथ रहने लगा। मामा की गैरमौजूदगी में पिंकी और हेमंत के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जो आगे चलकर प्रेम संबंध में बदल गईं। इसके बाद पिंकी ने अपने पति को छोड़ दिया और हेमंत के साथ रहने लगी। दोनों ने लव मैरिज कर ली और उनसे एक पांच माह की बच्ची भी है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









