Monday, September 21, 2026

कोरबा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया ‘अटल स्मृति भवन’ का भूमिपूजन, युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को कोरबा पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस लाइन के पास बनने वाले नवीन जिला भारतीय जनता पार्टी कार्यालय “अटल स्मृति भवन” का विधिवत भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व युवा कांग्रेस द्वारा किसानों की मौत के विरोध में प्रदर्शन किया गया, जिसके बाद कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

भूमिपूजन के बाद मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना की और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अटल स्मृति भवन भाजपा संगठन के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा और संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। भाजपा नेताओं ने बताया कि अटल स्मृति भवन का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और आदर्शों को समर्पित रहेगा।

युवा कांग्रेस का विरोध, कई कार्यकर्ता गिरफ्तार

मुख्यमंत्री के आगमन से पहले युवा कांग्रेस शहर एवं ग्रामीण इकाई ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “किसानों की मौत पर जश्न नहीं, जवाब चाहिए” और “किसान मर रहे हैं” जैसे नारे लगाए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार किए गए लोगों में युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष, राज्य महासचिव, उपाध्यक्ष, जिला महासचिव, ब्लॉक अध्यक्ष और जिला सचिव सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हैं। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया।