Saturday, April 4, 2026

कोरबा में रेलवे निर्माण सामग्री गबन का खुलासा, जेसीबी ऑपरेटर समेत दो आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गेवरा रोड से पेंड्रा रोड के बीच निर्माणाधीन रेलवे लाइन परियोजना से निर्माण सामग्री के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। कटघोरा थाना पुलिस ने इस मामले में कंस्ट्रक्शन कंपनी के जेसीबी ऑपरेटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख 6 हजार रुपये की सामग्री और वाहन जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी जेसीबी ऑपरेटर तेजबहादुर पटेल पिछले कई महीनों से रेलवे निर्माण सामग्री चोरी कर उसे कबाड़ी को बेच रहा था। जांच में कंपनी में ही कार्यरत राहुल सिंह मरकाम की संलिप्तता भी सामने आई है। दोनों आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया।

मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है। दरअसल, 28 जनवरी की रात गेवरा-पेंड्रा रोड रेलवे लाइन परियोजना के तहत रेलवे साइड सिंघिया और सुतर्रा स्थित स्टोर से लोहे के स्लीपर और अन्य निर्माण सामग्री चोरी हो गई थी। इस संबंध में इंटरनेशनल लिमिटेड कंपनी द्वारा कटघोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान कंपनी कर्मचारियों, सुरक्षा गार्डों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि घटना किसी बाहरी लूट या डकैती की नहीं, बल्कि कंपनी के भीतर कार्यरत कर्मचारियों द्वारा पद का दुरुपयोग कर किया गया आंतरिक गबन है। आरोपियों ने कुछ कर्मचारियों को गुमराह कर घटना को बाहरी चोरी के रूप में दिखाने का प्रयास भी किया था।

पुलिस ने जांच के आधार पर बीएनएस की धारा 316(5), 317(2), 317(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त जेसीबी वाहन, रेलवे लोहे के स्लीपर के टुकड़े और नकद राशि जब्त की है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है।